
नई दिल्ली। ‘कुमकुम भाग्य’ फेम एक्ट्रेस संचिता उगले (Sanchita Ugale) के सुसाइड के बाद उनके भाई आकाश सतीश उगले ने इसका कनेक्शन दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के सुसाइड से बताया है।
22 साल की संचिता उगले 14 जून को अपने घर पर सुसाइड कर लिया। उनके सुसाइड के कारण का पता नहीं चल सका है, लेकिन उनके भाई ने दावा किया है कि इसका कनेक्शन सुशांत से है।
संचिता उगले की मौत का कारण
संचिता उगले के भाई ने दावा किया है कि उनकी बहन इंडस्ट्री की तरफ से बहुत प्रेशर झेल रही थीं। मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने फोन की ओर इशारा करते हुए बताया कि रविवार को सुशांत की डेथ एनिवर्सरी पर उन्हें याद करते हुए एक्ट्रेस ने एक पोस्ट में लिखा था, “फिर से 14 जून।”
सुशांत संग संचिता की मौत का कनेक्शन?
IANS के साथ बातचीत में संचिता उगले के भाई ने यह भी कहा, “उन्होंने (सुशांत सिंह राजपूत) 14 जून 2020 को आत्महत्या की थी। क्यों? क्योंकि बॉलीवुड यानी इस इंडस्ट्री ने उन पर बहुत दबाव डाला था और उसी दबाव की वजह से उन्होंने आत्महत्या की। ठीक उसी तरह कल मेरी बहन ने भी उसी वजह से आत्महत्या की, मैं बस यही कह रहा हूं।”
सुसाइड वाले दिन किया था पोस्ट?
छह साल के अंतर पर हुई इन दो अचानक मौतों के बीच संबंध बताते हुए संचिता के भाई ने कहा, “बस एक दिन पहले यानी कल उन्होंने एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की थी जिसमें लिखा था- ‘इट्स अगेन 14 जून’, इसका मतलब है कि 14 जून फिर से आ गया है और कल ही उन्होंने आत्महत्या भी कर ली।”
संचिता के भाई ने की गुजारिश
संचिता उगले के भाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस घटना पर ध्यान देने की गुजारिश की है। बताया जा रहा है कि संचिता नालसपोरा इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थी। जिस वक्त उन्होंने आत्महत्या की, उस वक्त वह अकेले थीं। हालांकि, उनके निधन का कारण क्या है, यह अभी भी मालूम नहीं चला है।



