उत्तर प्रदेशराज्‍य

PDA को डराने के लिए फेक एनकाउंटर करा रही यूपी सरकार, अखिलेश यादव ने आंकड़े पेश कर लगाया आरोप

समाजवादी पार्टी प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जौनपुर में दूल्हे आजाद बिंद के हत्यारोपी रवि यादव के एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की है। सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीडीए वालों का एनकाउंटर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी धाक जमाने के लिए फर्जी एनकाउंटर करा रही है। जो लोग फर्जी एनकाउंटर करते हैं वे मानसिक रोगी हो जाते हैं। प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव की रिसर्च टीम द्वारा योगी राज में पिछले 10 साल में हुए एनकाउंटरों का विश्लेषण का दावा करते हुए बताया गया कि राज्य में अभी तक सबसे ज्यादा मुसलमान एनकाउंटर में मारे गए हैं। दूसरे स्थान पर ब्राह्मण समुदाय के लोग हैं। उनकी संख्या कुल एनकाउंटर में करीब 15 प्रतिशत है। तीसरे स्थान पर पासी और यादव बिरादरी के लोग हैं।

मंगलवार को लखनऊ में एक प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार फेक एनकाउंटरों पर बात नहीं होने देती। उन्होंने कहा कि जिस एनकाउंटर के पीछे मर्जी चले वो फर्जी है। उन्होंने कहा कि सोमवार को भी ऐसे ही एक फेक एनकाउंटर की घटना सामने आई है। फर्जी एनकाउंटर आज प्रदेश का सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। सपा प्रमुख ने कहा कि जिस समाज में मेलजोल की संस्कृति हुआ करती थी अब वहां नफरत फैलाने के लिए एनकाउंटर की संस्कृति लाई जा रही है। फर्जी एनकाउंटर के जरिए से मेंटल सॉफ्टवेयर को सेट किया जाता है। लेकिन इसे अपडेट नहीं आउटडेटेड बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि दिमाग को हिंसा से भरा जाता है और हत्या को जायज ठहराया जाता है। इससे जंगलराज को लाया जाता है और शक्ति ही अधिकार है की विचारधारा को बढ़ाया जाता है। यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

अपराधी हैं फेक एनकाउंटर वाले

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर, सरकारी ताकत के दुरुपयोग का जरिया बन गया है। ऐसा करने वाले अपराधी हैं। उन्होंने कहा कि जिस एनकाउंटर के पीछे चले मर्जी वो है फर्जी। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में धाक बनाने के लिए एनकाउंटर किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक एनकाउंटर पीडीए वाले लोगों के हो रहे हैं। सपा मुखिया ने कहा कि जौनपुर में एक यादव पुजारी का फर्जी एनकाउंटर हुआ था। तब हमने लड़ाई लड़ी थी। अखिलेश यादव ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर से परिवार का सोशल एनकाउंटर होता है।

पुलिसवाले हो रहे मानसिक बीमार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मियों के परिवार इस सच के साथ जीते हैं कि उनके पिता या पति हत्यारे हैं। पुलिसकर्मियों से ऐसा कराकर सरकार उन्हें अपराधी बना रही है। कई ऐसे पुलिसवाले आत्मग्लानि के शिकार भी होते हैं और शराब पीने लगते हैं। वे हत्या के बोझ से मानसिक बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कासगंज की एक महिला का पति के एनकाउंटर का डर दिखाकर शोषण किया गया। उन्होंने कहा कि फर्जी एनकाउंटरों की वजह से प्रदेश में निवेश नहीं आता है। कस्टोडियल डेथ भी एक तरह से फर्जी एनकाउंटर है। इस मामले में यूपी नंबर एक पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button