अंसल ग्रुप के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई, 313 करोड़ की संपत्ति की जब्त

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) के लखनऊ जोनल कार्यालय ने सुशांत गोल्फ सिटी परियोजना से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ी कार्रवाई की है। अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एपीआईएल) और उसके प्रमोटरों से जुड़ी 313.12 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को कुर्क किया है। ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है।
ईडी के मुताबिक कुर्क संपत्तियों में आगरा स्थित करीब 9.08 हेक्टेयर आवासीय भूमि भी है जो एपीआईएल से जुड़ी कंपनियों के नाम पर दर्ज है। अन्य संपत्तियां दूसरे शहरों में हैं। ईडी के अफसरों का कहना है कि कंपनी के खिलाफ चल रही जांच में बड़े पैमाने पर धन के दुरुपयोग और डायवर्जन के प्रमाण सामने आए हैं। विज्ञापन
जांच में पाया गया कि सुशांत गोल्फ सिटी परियोजना के नाम पर हजारों घर खरीदारों से 1234.92 करोड़ रुपये अग्रिम के रूप में वसूले गए थे लेकिन इसमें से सिर्फ 921.80 करोड़ रुपये ही निर्माण और परियोजना से जुड़ी परिसंपत्तियों पर खर्च किए गए। शेष 313.12 करोड़ रुपये को अन्य गैर परियोजना गतिविधियों में डायवर्ट कर दिया गया।
दर्ज हैं कई एफआईआर
कंपनी और उसके निदेशकों के खिलाफ लखनऊ समेत अलग-अलग शहरों में सैकडों एफआईआर दर्ज हैं। आरोप है कि निवेश करने वालों को वर्षों तक फ्लैट या प्लॉट का कब्जा नहीं दिया गया जबकि उनसे पूरी रकम वसूल ली गई। मामले में ईडी ने भी केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। इसमें आरोपों के सापेक्ष कई सुबूत मिल रहे हैं। इसी आधार पर ईडी कार्रवाई कर रही है।कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


