अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

स्क्रैप माफिया रवि काना के लिए रेड कॉर्नर नोटिस होगा जारी, नोएडा पुलिस ने शुरू किया प्रोसेस

ग्रेटर नोएडा। बांदा जेल से निकलने के बाद से गायब स्क्रैप माफिया रवि काना के खिलाफ नोएडा पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपित के खिलाफ पुलिस रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी में है।

उधर, रविवार को नोएडा से एसओजी की टीम ने बांदा पहुंच कर विभिन्न बिंदुओं की जांच की है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की छह टीमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नेपाल बार्डर के आसपास खुफियातंत्र सक्रिय कर निगरानी कर रही हैं।

स्क्रैप माफिया रवि काना शुक्रवार को बांदा जेल से निकला था। इसके बाद से भूमिगत है। रवि काना के विदेश भागने की आशंका के चलते पुलिस रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने आवश्यक दस्तावेज और केस से जुड़ी जानकारी इंटरपोल को भेजने की तैयारी में है। एसओजी की टीम बांदा जेल के बाहर और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

बी वारंट की सूचना दी फिर भी बांदा जेल प्रशासन ने कर दिया रिहा

इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद रवि काना की ओर से जिला गैंग्स्टर कोर्ट में जमानत के लिए दस्तावेज जमा कराए थे। नोएडा पुलिस ने सेक्टर-63 कोतवाली में दर्ज वसूली के मामले में आरोपित को रिमांड पर लेने सीजेएम अदालत में आवेदन किया।

अदालत ने जनवरी-2026 में दर्ज मामले में पहली बार रिमांड के लिए आरोपित को व्यक्तिगत रूप से पेशी कराने का आदेश दिया था। जेल प्रशासन ने पुलिस गार्द उपलब्ध न होने का हवाला देकर पेशी नहीं कराई। नोएडा पुलिस ने बांदा जेल प्रशासन को वाट्सअप संदेश और फोन काल से भी बी-वारंट की जानकारी दी थी। फिर भी उसे रिहा कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button