अपराधएनसीआरनोएडा

9 महीने में बेरोजगार से बना साइबर ठग, 28 करोड़ ठगने पर रखने लगा कैश गिनने की मशीन; राजस्थान पुलिस ने नोएडा से दबोचा

धौलपुर साइबर क्राइम पुलिस ने मंगलवार को साइबर ठगी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया. गैंग के सरगना सागर चौधरी को नोएडा से गिरफ्तार किया गया. यह ठग देशभर में 28 करोड़ रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है. पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, मोबाइल, चेकबुक और पासबुक बरामद किए हैं.

22 लाख की ठगी से शुरू हुआ खुलासा

12 सितंबर 2024 को धौलपुर में एक शिकायतकर्ता ने साइबर पुलिस को बताया कि स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर उसके साथ 22 लाख रुपये की ठगी हुई. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. साइबर क्राइम पुलिस ने तकनीकी सबूतों और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर सागर चौधरी को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का निवासी पाया. इसके बाद नोएडा में छापा मारकर उसे धर दबोचा.

लालच का जाल: दोगुना-तिगुना मुनाफा

सागर चौधरी और उसका गैंग टेलीग्राम, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर लोगों को लुभाता था. ये ठग स्टॉक मार्केट में निवेश कर पैसे को दो-तीन गुना करने का झांसा देते थे. फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. पैसे जमा होने के बाद फर्जी वेबसाइट और अकाउंट को बंद कर फरार हो जाते थे.

क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने सागर चौधरी के पास से 8 मोबाइल, 33 एटीएम कार्ड, 6 चेकबुक, 17 बैंक पासबुक और तीन डायरियां जब्त कीं. इन डायरियों में 28 करोड़ की ठगी का हिसाब-किताब दर्ज है. पुलिस को शक है कि पूछताछ में ठगी की और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है.

पुलिस की सख्ती और सलाह

धौलपुर के पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देश पर साइबर अपराध के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है. सीओ मुनेश कुमार मीणा ने बताया कि गैंग में अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस ने लोगों से सावधान रहने और अनजान लिंक या ग्रुप में निवेश न करने की अपील की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button