अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपी-नेपाल बॉर्डर के जिलों में अवैध मदरसों-मस्जिदों के खिलाफ एक्शन; अब तक 205 अतिक्रमण हटाए गए

लखनऊ। नेपाल सीमा से सटे जिलों में विशेष अभियान के तहत अब तक 189 अवैध मदरसों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है। श्रावस्ती में सर्वाधिक 102 मदरसों को सील कराया गया है। जबकि अन्य जिलों में कई अवैध मदरसे ध्वस्त भी कराए गए हैं। वहीं, अब तक 205 अवैध अतिक्रमण भी हटवाए गए हैं, जिनमें कई मजार व अन्य धार्मिक स्थल शालिम हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नेपाल सीमा से सटे जिलों में अवैध कब्जों व बिना मान्यता के संचालित धार्मिक संस्थानों के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने शुक्रवार को भी पीलीभीत, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर व महाराजगंज में कार्रवाई जारी रखी।

श्रावस्ती में अब तक कुल 102 अवैध मदरसे सील किए गए हैं। वहीं एक धार्मिक स्थल को नोटिस दी गई है। जबकि सार्वजनिक भूमि पर बनी पांच मजारों में से चार के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। एक मजार का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। यहां सार्वजनिक भूमि पर बनी दो ईदगाह भी हटवाई गईं।

महाराजगंज में शुक्रवार तक कुल 28 अवैध मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। एक अवैध धार्मिक स्थल को भी हटवाया गया है। यहां सार्वजनिक भूमि पर बनी पांच मजारों को भी हटवाया गया है। सार्वजनिक भूमि पर बनी ईदगाह भी चिह्नित की गई है। फरेंदा तहसील क्षेत्र में परती पर बने अवैध धार्मिक स्थल के आंशिक भाग को कब्जेदार द्वारा हटा लिया गया है।

बहराइच में अब तक कुल 24 अतिक्रमण के मामले सामने आए हैं। इनमें सार्वजनिक भूमि पर बने 13 अवैध मदरसों को नोटिस देकर कार्रवाई की गई। इनमें पांच मदरसों को सील किया गया और अाठ मदरसों को हटवाया गया है। जबकि कुल आठ अवैध धार्मिक स्थलों को नोटिस जारी की गई। इनमें दो धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई की गई है। एक मजार को भी हटवाया गया है। एक ईदगाह को नोटिस दी गई है।

पीलीभीत में एक अतिक्रमण पाया गया, जिसमें नोटिस देकर कार्रवाई कराई जा रही है। बलरामपुर में अभियान के तहत अब तक 28 अवैध मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इनमें 22 मदरसों को सील किया गया और पांच को हटवाया गया। एक मदरसे के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है। यहां सार्वजनिक भूमि पर बनी 10 अवैध मजारों में से आठ को हटा दिया गया है। दो मामलों में नोटिस देकर आगे की विधिक कार्रवाई कराई जा रही है। एक अवैध ईदगाह भी हटाई गई है। सिद्धार्थनगर में सार्वजनिक भूमि पर अब तक 22 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें चार धर्मस्थल व 18 मदरसे हैं। नौ मदरसों काे हटाया गया और पांच मदरसों को सील किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button