नोएडा: जन्मदिन की पार्टी लहराई पिस्टल, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

नोएडा। सेक्टर-49 पुलिस ने जन्मदिन पार्टी में पिस्तौल लहरा³ने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर यह कार्रवाई की गई। आरोपी की पहचान बरेली निवासी आशुतोष गोले उर्फ रिंकू के रूप में हुई। पुलिस की ओर से आरोपी के हाथ में जो पिस्तौल थी, उसके लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। आरोपी अपने दोस्त संदीप शर्मा की पिस्तौल पार्टी में लहरा रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संदीप शर्मा से भी पूछताछ की थी। पुलिस का दावा है कि वायरल वीडियो में आरोपी पिस्तौल को बस लहरा रहा था। उसने फायरिंग नहीं की थी। छह सेकेंड के वायरल वीडियो में यूजर ने नोएडा पुलिस के अधिकारियों को टैग कर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक दो-तीन लोगों के साथ डांस कर रहा था। पीछे से गाने की आवाज आ रही है और युवक पिस्तौल लहराता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो में युवक पिस्तौल सीधी कर फायरिंग करने का प्रयास करता दिख रहा था। जिस पार्टी में आरोपी ने पिस्तौल लहराई, वह उसके भाई की जन्मदिन पार्टी थी। वीडियो को सोशल मीडिया पर 100 से अधिक लोगों ने साझा किया था।